Home उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस पर फायर ब्रिगेड का जुलूस, लोगों को किया...

राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस पर फायर ब्रिगेड का जुलूस, लोगों को किया गया जागरूक

FATEHPUR NEWS:  राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस के अवसर पर फायर ब्रिगेड द्वारा नगर में जागरूकता जुलूस निकालकर लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान पंपलेट वितरित कर आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
मंगलवार सुबह लगभग 10 बजे फायर स्टेशन बिंदकी से जुलूस की शुरुआत हुई, जो कुंवरपुर रोड, ललौली चौराहा, मुगल रोड, खजुहा चौराहा, बजरिया, महजनी गली, मेन बाजार, बजाजा गली, गांधी चौराहा और तहसील रोड सहित विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा। जुलूस के दौरान अग्निशमन कर्मियों ने जगह-जगह रुककर लोगों को पंपलेट वितरित किए और आग लगने की स्थिति में सावधानी बरतने के तरीके बताए। इस अवसर पर फायर स्टेशन बिंदकी के प्रभारी विनय सिंह तोमर ने बताया कि राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस हर वर्ष 14 अप्रैल को मनाया जाता है। यह दिवस मुंबई बंदरगाह अग्निकांड 1944 में शहीद हुए 66 अग्निशमन कर्मियों की स्मृति में मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि जुलूस निकालने से पूर्व सभी शहीद अग्निशमन कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में श्याम शंकर, सद्दाम खान, लाल जी, गुलाम मोहम्मद, कर्मवीर सहित फायर ब्रिगेड के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। इस जागरूकता अभियान को लोगों का अच्छा समर्थन मिला और नागरिकों ने अग्नि सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संकल्प लिया।