अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के बैनर तले आयोजित हुआ कार्यक्रम
FATEHPUR NEWS: लखनऊ बाईपास स्थित सैनिक गेस्ट हाउस में डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर की गई। उपस्थित लोगों ने एक-एक कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान “जय भीम” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा और माहौल पूरी तरह उत्साहपूर्ण बना रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं युवा प्रभारी चौधरी राजेश यादव ने अपने संबोधन में कहा कि बाबा साहब का जीवन संघर्ष, शिक्षा और समानता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान ने देश के प्रत्येक वर्ग को समान अधिकार और न्याय दिलाने का मार्ग प्रशस्त किया है, जो आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। शिक्षा को जीवन का आधार बनाकर ही समाज में वास्तविक परिवर्तन लाया जा सकता है। साथ ही उन्होंने सामाजिक एकता, भाईचारे और आपसी सौहार्द बनाए रखने पर बल दिया। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। पूरे आयोजन का संचालन अनुशासन और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें हर वर्ग के लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। इस अवसर पर वीर सिंह यादव, विनय यादव, निर्मल सिंह यादव, अशोक यादव, प्रीतम सिंह यादव, भूतपूर्व सैनिक राम प्रताप यादव, राम सिंह मौर्य, जितेंद्र यादव, आदित्य यादव, रोहित सिंह, सत्यम यादव, संजय यादव, जीतू यादव, विकल्प सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।







