SIDHARTHNAGAR NEWS: जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता एवं अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) गौरव श्रीवास्तव की उपस्थिति में राजस्व वादों की समीक्षा बैठक कैंप कार्यालय में सम्पन्न हुई। बैठक में विभिन्न राजस्व प्रकरणों के शीघ्र एवं समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया गया।जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को शीघ्र सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी प्रकरण लंबित न रहे और सभी मामलों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। सभी आवेदन पत्रों की ऑनलाइन फीडिंग अनिवार्य रूप से करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में निर्विवाद वरासत एवं अन्य राजस्व वादों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि रिपोर्ट स्वयं जांच कर ही प्रेषित करें। उन्होंने कहा कि वरासत के मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही न हो तथा लंबित प्रकरणों को समय सीमा में निपटाया जाए। यदि किसी स्तर पर प्रकरण लंबित पाए जाते हैं तो संबंधित राजस्व निरीक्षक व लेखपाल को नोटिस जारी किया जाए।जिलाधिकारी ने धारा-24 के वादों को पोर्टल पर दर्ज कर उनका शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध अतिक्रमण को चिन्हित कर कब्जा मुक्त कराने एवं अभियान चलाकर चकमार्गों की पहचान सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारी, न्यायिक अधिकारियों, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों को निर्देश दिया कि प्रतिदिन न्यायालय में बैठकर तीन वर्ष से अधिक पुराने वादों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करें तथा प्रत्येक मामले की नियमित सुनवाई सुनिश्चित करें। सभी वादों के निस्तारण की ऑनलाइन फीडिंग भी अनिवार्य रूप से कराने को कहा गया।जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि किसी भी धारा के तीन वर्ष एवं पांच वर्ष से अधिक पुराने प्रकरण लंबित नहीं रहने चाहिए। अंश निर्धारण में प्रगति लाने, तथा धारा-24, 116, 176, 67 एवं 80 के अंतर्गत लंबित मामलों में कार्रवाई तेज करने को कहा। खुर्रा बटवारा के सभी प्रकरणों को भी शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।बैठक में समस्त उपजिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी न्यायिक, तहसीलदार, तहसीलदार न्यायिक, नायब तहसीलदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







