शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील, ताजियादारों ने प्रशासन को सहयोग का दिया भरोसा
FATEHPUR NEWS: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को थाना सुल्तानपुर घोष परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह चंदेल ने की। बैठक में क्षेत्र के ताजियादारों, धर्मगुरुओं, ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों एवं संभ्रांत नागरिकों ने भाग लिया। बैठक में मुहर्रम के दौरान निकलने वाले ताजिया जुलूसों, मातमी कार्यक्रमों तथा अन्य धार्मिक आयोजनों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह चंदेल ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मुहर्रम त्याग, बलिदान, धैर्य और इंसानियत का संदेश देने वाला पर्व है। इसे आपसी भाईचारे, शांति और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी ताजिया जुलूस पूर्व निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएं तथा किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए। शासन एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, भड़काऊ अथवा आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचने की अपील की गई। थाना प्रभारी ने कहा कि मुहर्रम पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे और शांति व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। बैठक के दौरान ताजियादारों एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने अपने सुझाव भी रखे और प्रशासन को आश्वस्त किया कि मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पूरा सहयोग दिया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र में हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की परंपरा रही है, जिसे आगे भी बनाए रखा जाएगा। बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने मुहर्रम पर्व को शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प लिया। पुलिस प्रशासन ने भी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने का भरोसा दिलाया।







