FATEHPUR NEWS: थाना कल्याणपुर और थाना औंग पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 25 हजार रुपये का इनामी और जहरखुरानी गिरोह का शातिर आरोपी मोहम्मद फिरोज को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी कौशाम्बी जिले के करारी थाना क्षेत्र के सालेपुर गांव का रहने वाला है। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी जहानाबाद-चौड़गरा मार्ग पर निर्माणाधीन नहर पुलिया के पास किसी वारदात की फिराक में है। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने तमंचे से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, कारतूस, नौ नशीली गोलियां, तीन पैकेट बिस्कुट, चार चोरी के एंड्रॉयड मोबाइल, दो मोबाइल चार्जर, पांच सिम कार्ड, 934 रुपये नकद और बिना नंबर प्लेट की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर जहरखुरानी की घटनाओं को अंजाम देता था। गिरोह राहगीरों और यात्रियों को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर देता था और फिर उनके मोबाइल, नकदी व अन्य सामान लेकर फरार हो जाता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस पर फायरिंग और आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।







