Home उत्तर प्रदेश स्टेट हाईवे-46 को फोरलेन बनाने की मांग ने पकड़ा जोर, एमएलसी अविनाश...

स्टेट हाईवे-46 को फोरलेन बनाने की मांग ने पकड़ा जोर, एमएलसी अविनाश सिंह चौहान ने सदन में उठाया मुद्दा

सिकंदरा-घाटमपुर-चौडगरा मार्ग के चौड़ीकरण से औद्योगिक विकास को मिलेगी रफ्तार, कैबिनेट मंजूरी की मांग

FATEHPUR NEWS: सिकंदरा-घाटमपुर-चौडगरा स्टेट हाईवे-46 को फोरलेन बनाने का मुद्दा विधान परिषद में गूंजा। विधान परिषद सदस्य अविनाश सिंह चौहान ने सदन में इस महत्वपूर्ण मार्ग के निर्माण और उच्चीकरण का मुद्दा उठाते हुए शासन से जल्द से जल्द परियोजना को मंजूरी देकर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की। एमएलसी अविनाश सिंह चौहान ने बताया कि स्टेट हाईवे-46 के चौड़ीकरण एवं उच्चीकरण के लिए वर्ष 2017 में प्रस्ताव तैयार किया गया था। इसके बाद वर्ष 2021 में टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई थी, लेकिन बजट की उपलब्धता न होने के कारण कार्यदाई संस्था द्वारा निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया जा सका।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में परियोजना के लिए दोबारा टेंडर प्रक्रिया पूरी की गई और तकनीकी मूल्यांकन समेत सभी आवश्यक औपचारिकताएं भी पूरी कर ली गई हैं। इसके बावजूद परियोजना को अंतिम स्वीकृति के लिए कैबिनेट के समक्ष प्रस्तुत नहीं किया जा सका है। विधान परिषद सदस्य ने सदन में कहा कि सिकंदरा-घाटमपुर-चौडगरा मार्ग का फोरलेन निर्माण क्षेत्र के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इस मार्ग के बनने से कानपुर, फतेहपुर, इटावा और प्रयागराज क्षेत्र के बीच आवागमन बेहतर होगा और औद्योगिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार की ‘एक जिला एक उत्पाद’ (ODOP) योजना से जुड़े उद्योगों और स्थानीय कारोबारियों को भी इस परियोजना का सीधा लाभ मिलेगा। सड़क चौड़ी होने से जहां यातायात व्यवस्था सुगम और सुरक्षित होगी, वहीं माल परिवहन आसान होने से व्यापार और उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। एमएलसी अविनाश सिंह चौहान ने जनहित को देखते हुए शासन से मांग की कि स्टेट हाईवे-46 को फोरलेन बनाने की परियोजना को शीघ्र कैबिनेट से मंजूरी दिलाई जाए, ताकि लंबे समय से प्रतीक्षित निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सके। उन्होंने कहा कि यह मार्ग केवल आवागमन का साधन नहीं बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास की महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगा।