SIDHARTHNAGAR NEWS: जनपद में मिलावटी एवं स्वास्थ्य के लिए हानिकारक खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में सोमवार को सहायक आयुक्त खाद्य-II के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की एक विशेष टीम ने तहसील शोहरतगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों में औचक छापेमारी की। इस कार्रवाई के तहत संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं जिससे मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तहसील शोहरतगढ़ के हल्लौरा स्थित चौधरी किराना स्टोर पर आकस्मिक छापा मारकर रस्क का एक नमूना लिया। इसके बाद टीम ने गौरा बाजार स्थित रेहान आइसक्रीम निर्माण इकाई पर धावा बोला जहां से स्वास्थ्य मानकों की जांच के लिए आइस कैंडी घोल का एक नमूना संग्रहित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि दोनों नमूनों को सील कर तत्काल राजकीय खाद्य प्रयोगशाला प्रेषित कर दिया गया है और जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित संचालकों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान के दौरान टीम ने शोहरतगढ़ मुख्य बाजार का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बाजार में स्थित नौ प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठानों और दुकानों का सघन निरीक्षण करते हुए संचालकों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के कड़े प्रावधानों के प्रति जागरूक किया। दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने, गुणवत्तापूर्ण सामग्री बेचने और एक्सपायरी डेट के नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई। इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में सहायक आयुक्त खाद्य-II आरएल यादव, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र प्रताप सिंह और खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरज कुमार चौधरी प्रमुख रूप से शामिल रहे।







