Home उत्तर प्रदेश बकरीद को लेकर अलर्ट पर प्रशासन, डीएम और एसपी ने संभाली कमान,...

बकरीद को लेकर अलर्ट पर प्रशासन, डीएम और एसपी ने संभाली कमान, किया फ्लैग मार्च

SIDHARTHNAGAR NEWS: आगामी त्योहार ईद-उल-जुहा (बकरीद) के दृष्टिगत जनपद में कानून, शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए जिला व पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी सिलसिले में सोमवार को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने भारी पुलिस बल के साथ सिद्धार्थनगर थाना क्षेत्र के कस्बा व अन्य संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त कर आम जनमानस को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। त्योहार के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन की इस संयुक्त सक्रियता से जहां स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों में विश्वास सुदृढ़ हुआ है, वहीं असामाजिक तत्वों को भी कड़ा संदेश दिया गया है। कस्बा सिद्धार्थनगर में आयोजित इस फ्लैग मार्च में जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की अगुवाई में आईपीएस व क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान तथा प्रभारी निरीक्षक स्थानीय पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे। वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्य बाजारों और प्रमुख चौराहों का भ्रमण करते हुए स्थानीय व्यापारियों, संभ्रांत नागरिकों और राहगीरों से सीधा संवाद स्थापित किया। इस दौरान अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याओं को सुना और सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जरूरी फीडबैक भी प्राप्त किया। उच्चाधिकारियों ने आमजन से वार्ता करते हुए आगामी त्योहार ईद-उल-जुहा को पूरी श्रद्धा, आपसी सौहार्द और शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। अधिकारियों ने दोटूक शब्दों में सचेत किया कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वाले या सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास करने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ पुलिस अत्यंत कठोर दंडात्मक कार्रवाई करेगी। इसके साथ ही प्रशासन ने प्रबुद्ध वर्ग और आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा वस्तु की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें और जिले में अमन-चैन व भाईचारे का माहौल बनाए रखने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।