MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) केंद्रीय बजट 2026 पर आधारित विकसित भारत 2047 की ओर युवाओं को सशक्त बनाना विषयक प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में मिर्जापुर के होनहार छात्र आदित्य तिवारी ने शानदार प्रदर्शन कर जनपद का नाम रोशन किया है। उत्तर प्रदेश विधानसभा में आयोजित तीन दिवसीय युवा संसद कार्यक्रम में आदित्य का चयन ‘युवा विधायक’ के रूप में हुआ। जहां उनके प्रभावशाली वक्तव्य ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।
एक मई से तीन मई तक चले इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से चयनित युवाओं ने हिस्सा लिया। विधानसभा सत्र के दौरान आदित्य ने केंद्रीय बजट 2026 और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य पर अपने विचार मजबूती से रखे। जिसकी उपस्थित गणमान्य लोगों और प्रतिभागियों ने सराहना की। कार्यक्रम के बाद मिर्जापुर लौटे आदित्य ने बताया कि उन्होंने बीएचयू से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की है और वर्तमान में इलाहाबाद विश्वविद्यालय में प्रथम वर्ष के छात्र हैं। साथ ही वे आगे कानून की पढ़ाई की तैयारी कर रहे हैं। आदित्य ने बताया कि उनका चयन मेरा भारत युवा संगठन पूर्व में नेहरू युवा केंद्र संगठन के माध्यम से हुआ। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उस महत्वाकांक्षी योजना का हिस्सा है, जिसके तहत एक लाख ऐसे युवाओं को राजनीति में अवसर देने का लक्ष्य रखा गया है, जिनकी कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं है। उन्होंने बताया कि 22 जनवरी को जी.डी. बिन्नानी पीजी कॉलेज मीरजापुर में जिला स्तरीय चयन प्रक्रिया आयोजित हुई थी, जिसमें पांच युवाओं का चयन किया गया था। तीन प्रतिभागियों ने आगे भाग लिया, जिनमें आदित्य तिवारी ने लखनऊ में आयोजित युवा संसद में प्रतिभाग कर जिले का प्रतिनिधित्व किया। आदित्य की इस उपलब्धि से मिर्जापुर में खुशी का माहौल है और यह सफलता जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।







