Home उत्तर प्रदेश मिर्जापुर की 6 महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण/चौड़ीकरण के लिए केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया...

मिर्जापुर की 6 महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण/चौड़ीकरण के लिए केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को सौंपा पत्र

विंध्याचल में समीक्षा बैठक में भी उठाया विकास कार्यों का मुद्दा
MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता)  अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य, परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र देकर जनपद मिर्जापुर की 6 महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण एवं चौड़ीकरण का अनुरोध किया। केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने पत्र में कहा कि जनहित में इन सड़कों का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। पत्र में जिन सड़कों का उल्लेख किया गया है वे इस प्रकार हैं: मिर्जापुर-कछवा-कछवा रोड (भैंसा) मार्ग पर कछवा कस्बे में बाइपास का निर्माण।बरेनी-गड़ौली-भोगांव-मुजहरा-पुरजागीर मार्ग का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण । चुनार विधानसभा क्षेत्र में गंगा नदी के दोनों ओर बाढ़ के कारण डूब जाने वाली सड़कों का ऊंचीकरण और चौड़ीकरण, जिससे बाढ़ के समय एक लाख से अधिक जनमानस को मुख्य सड़क से जोड़ा जा सके। चुनार कस्बे में गंगा पुल से एनएच-7 को जोड़ने वाली सड़क हेतु बाइपास का निर्माण। राबर्ट्सगंज रोड पर ददरा पहाड़ी से कलवारी खुर्द (नहर पटरी वाली) तक सड़क का उच्चीकरण । हलिया के अंदरूनी हिस्से में स्थित मतवार आदि को हलिया से जोड़ने वाली और वन विभाग द्वारा निर्माण से रोकी गई सड़क का निर्माण कार्य। अनुप्रिया पटेल ने मुख्यमंत्री से जनहित को देखते हुए उक्त सड़कों के निर्माण हेतु संबंधित विभाग को शीघ्र आदेश प्रदान करने का अनुरोध किया, जिससे क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा हो सके।विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में भी रही उपस्थित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने एक दिवसीय दौरे पर बुधवार को विंध्याचल स्थित अष्टभुजा अतिथि गृह के सभागार में पहुंचे। यहां उन्होंने अधिकारियों एवं लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं के साथ विंध्याचल मंडल के नए एवं पुराने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की।