Home उत्तर प्रदेश मिठाई निकालते समय काले सर्प ने महिला को दो बार डंसा, झाड़फूंक...

मिठाई निकालते समय काले सर्प ने महिला को दो बार डंसा, झाड़फूंक के बाद अस्पताल में मौत

मृतिका रामकली की फाइल फोटो
PRAYAGRAJ NEWS: तहसील कोरांव अंतर्गत थाना खीरी क्षेत्र के ग्राम सभा बसगढ़ी की पोखरा बस्ती में सोमवार को काले सर्प के डंसने से 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार महिला को सांप ने उस समय डंसा, जब वह अपने कच्चे मकान के पटनई (टांड़) पर रखे झोले से मिठाई निकाल रही थी। पोखरा बस्ती निवासी रामकली पत्नी स्वर्गीय मुंशी आदिवासी सोमवार, 31 अगस्त 2026 को करीब तीन बजे झोले से मिठाई निकाल रही थीं। बताया गया कि झोले के पास एक काला सर्प बैठा था, जिसने उनके दाहिने हाथ में डंस लिया। रामकली को लगा कि शायद चूहा होगा। इसी कारण उन्होंने दोबारा झोले में हाथ डाला, तभी सर्प ने फिर उसी हाथ में डंस लिया। परिजनों के मुताबिक दूसरे दंश में हाथ की त्वचा भी क्षतिग्रस्त हो गई। सर्पदंश के बाद परिजनों ने तत्काल दंश वाले स्थान पर कपड़ा बांध दिया। इसके बाद गांव के लोगों की सलाह पर डीही पटखा गांव से झाड़फूंक करने वाले को बुलाया गया। करीब दस मिनट तक झाड़फूंक किए जाने के बाद महिला को पानी पिलाया गया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें गन्ने स्थित किसी प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। रामकली के पति मुंशी की करीब छह वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी थी। उनके परिवार में तीन बेटे और पांच बेटियां हैं। मृतका के बच्चों में रिंकला (32), बबलू (30), कलावती (28), मंगला (26), बुधराज (24), विनीता (22), कबूतर (20) और अंतिमा (18) शामिल हैं। इनमें रिंकला, बबलू, कलावती, बुधराज और विनीता की शादी हो चुकी है। मंगलवार को परिजनों ने रामकली का अंतिम संस्कार गांव के समीप बेलन नदी के तट पर कर दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।