Home उत्तर प्रदेश मानवता परिवार ने सड़क दुर्घटना में घायल सदस्य को दी आर्थिक सहायता

मानवता परिवार ने सड़क दुर्घटना में घायल सदस्य को दी आर्थिक सहायता

FATEHPUR NEWS: “मानवता ही सबसे बड़ा धर्म है” के संकल्प के साथ कार्य कर रही संस्था मानवता परिवार द्वारा सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल सदस्य श्री राजेश कुमार को उपचार हेतु ₹37,820 की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। संस्था की ओर से यह सहायता एक्सीडेंटल उपचार योजना के अंतर्गत उपलब्ध कराई गई, जिसमें मात्र ₹200 की वार्षिक सदस्यता के माध्यम से लाभ प्रदान किया जाता है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 20 मई 2026 को सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद राजेश कुमार को गंभीर अवस्था में देवभूमि हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। दुर्घटना में उनकी स्पाइनल कॉर्ड में गंभीर चोट आने के कारण उनका ऑपरेशन भी किया गया। उपचार पूर्ण होने तथा अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद संस्था द्वारा नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई। मानवता परिवार के अनुसार यह संस्था द्वारा प्रदान की गई 12वीं एक्सीडेंटल सहायता है। संस्था ने बताया कि अब तक दुर्घटना उपचार सहायता के रूप में कुल ₹4,33,689 की आर्थिक सहायता वितरित की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त तीन मृतक नॉमिनी परिवारों को ₹9.54 लाख से अधिक की सहायता प्रदान की जा चुकी है। अभिलाष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्था की ₹200 वार्षिक सदस्यता योजना के अंतर्गत सदस्य दुर्घटना उपचार सहायता के रूप में ₹1 लाख तक की सहायता प्राप्त करने के पात्र होते हैं। उन्होंने बताया कि सदस्यता का नवीनीकरण पूरी तरह ऐच्छिक रखा गया है। सहायता वितरण के दौरान ब्लॉक प्रभारी अभिषेक कुमार, सुशील राज, प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर संदीप सिंह, अनुराग, अभिनव यादव, महेश त्रिपाठी तथा दया बाबू सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।