तीन परिवारों को अब तक ₹9.95 लाख की मदद
11 सदस्यों को दुर्घटना में ₹3.95 लाख की आर्थिक सहायता
RAIBARELI NEWS: जनपद में सामाजिक एकजुटता और सहयोग की अनूठी मिसाल पेश करते हुए “मानवता परिवार” ने एक बार फिर जरूरतमंद परिवार के साथ खड़े होकर संवेदनशीलता का परिचय दिया है। संगठन के सदस्यों ने स्वर्गीय हरीश गुप्ता की नॉमिनी रेखा गुप्ता को ₹3,30,513 की आर्थिक सहायता प्रदान की। लालगंज निवासी 28 वर्षीय हरीश गुप्ता के आकस्मिक निधन के बाद यह सहायता उनके परिवार के लिए बड़ी राहत बनकर सामने आई। खास बात यह रही कि यह पूरी राशि संस्था के सदस्यों द्वारा मात्र ₹200-₹200 के छोटे-छोटे योगदान से एकत्रित की गई, जिसे पारदर्शिता के साथ सीधे नॉमिनी के खाते में ट्रांसफर किया गया। संस्था के नियमों के अनुसार, 90 दिनों से अधिक समय से जुड़े सदस्य की मृत्यु होने पर उसके परिजनों को आर्थिक सहयोग दिया जाता है। इसके अलावा दुर्घटना की स्थिति में इलाज के लिए ₹1 लाख तक और गंभीर दुर्घटना या बीमारी की स्थिति में ₹10 लाख तक सहायता का प्रावधान है। संस्था के संस्थापक हिमांशु कुमार ने बताया कि “मानवता परिवार” द्वारा अब तक 3 मृतक परिवारों को कुल ₹9,95,080 की सहायता दी जा चुकी है, जबकि 11 सदस्यों को सामान्य दुर्घटनाओं में ₹3,95,869 की आर्थिक मदद प्रदान की गई है। उन्होंने इस पुनीत कार्य में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे, जिन्होंने इस पहल को समाज में सहयोग और संवेदना की मजबूत कड़ी बताया। मानवता परिवार की यह पहल न केवल संकटग्रस्त परिवारों के लिए सहारा बन रही है, बल्कि समाज में सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को भी लगातार सशक्त कर रही है।







