Home उत्तर प्रदेश महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर विपक्ष ने देश की आधी आबादी से...

महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर विपक्ष ने देश की आधी आबादी से किया विश्वासघात-नन्दी

MIRZAPUR NEWS: गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी भाजपा जिला कार्यालय के सभागार कक्ष में भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज की अध्यक्षता में महिला जन आक्रोश पर प्रेसवार्ता का आयोजन हुआ। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि / मुख्य वक्ता कैबिनेट मंत्री उ0प्र0 सरकार नन्द गोपाल गुप्ता “नन्दी” रहे। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि 16 और 17 अप्रैल को संसद में महत्वपूर्ण विधेयकों का विरोध कर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, टीएमसी और डीएमके ने देश की आधी आबादी के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अनुसार नीति-निर्माण में महिलाओं की भागीदारी उनका अधिकार है । उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों ने महिला सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों पर राजनीति की है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के हवाले से कहा गया कि परिसीमन से किसी राज्य को नुकसान नहीं होगा, बल्कि प्रतिनिधित्व सुरक्षित रहेगा। प्रेसवार्ता में यह भी कहा गया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का क्रियान्वयन परिसीमन से जुड़ा है और इसमें देरी का अर्थ महिलाओं के आरक्षण में देरी है। समाजवादी पार्टी द्वारा धर्म आधारित आरक्षण की मांग को असंवैधानिक बताया गया। इस दौरान जनपद में हाल ही में हुई सड़क दुर्घटना में मृतकों के प्रति शोक व्यक्त करते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री द्वारा आर्थिक सहायता की घोषणा की गई है और अधिकारियों को हर संभव मदद के निर्देश दिए गए हैं। प्रेसवार्ता में जिला प्रभारी सरोज कुशवाहा, विधायक शुचिस्मिता मौर्या, रिंकी कोल, सुनीता शर्मा, आभा सिंह पटेल, संध्या पटेल, पूनम चौरसिया सहित अन्य लोग मौजूद रहे।कार्यक्रम की जानकारी जिला मीडिया प्रभारी पंडित भावेश शर्मा ने दी।