Home उत्तर प्रदेश महारानी अहिल्याबाई होलकर की जयंती पर कांग्रेसियों ने किया नमन, पुष्पांजलि अर्पित...

महारानी अहिल्याबाई होलकर की जयंती पर कांग्रेसियों ने किया नमन, पुष्पांजलि अर्पित कर याद किए उनके योगदान

FATEHPUR NEWS: महारानी अहिल्याबाई होलकर की जयंती के अवसर पर रविवार को ज्वालागंज स्थित कांग्रेस कार्यालय में जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने महारानी अहिल्याबाई होलकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुधाकर अवस्थी ने कहा कि महारानी अहिल्याबाई होलकर एक युगद्रष्टा समाजसेविका, समाज सुधारक और कुशल प्रशासक थीं। उन्होंने अपने शासनकाल में समाज के कमजोर वर्गों, विशेष रूप से विधवा महिलाओं के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर उन्हें समाज में सम्मानजनक स्थान दिलाने का कार्य किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने कहा कि महारानी अहिल्याबाई होलकर धार्मिक, सामाजिक और प्रशासनिक दृष्टि से एक आदर्श शासक थीं। उन्होंने पूरे देश में हजारों धार्मिक स्थलों का निर्माण और जीर्णोद्धार कराया। साथ ही समाज में व्याप्त कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाते हुए महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। सभा के समापन अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश द्विवेदी ने कहा कि यदि समाज महारानी अहिल्याबाई होलकर के आदर्शों और सिद्धांतों का अनुसरण करे तो सामाजिक समरसता, समानता और प्रगति का मार्ग और अधिक प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई ने महिलाओं को संपत्ति के अधिकार दिलाने और समाज के सभी वर्गों को समान दृष्टि से देखने की प्रेरणा दी। उनके जीवन से आज भी समाज को मार्गदर्शन प्राप्त होता है। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता कलीम उल्ला सिद्दीकी, इंजीनियर देवी प्रकाश दुबे, चंद्र प्रकाश लोधी, शकीला बानो, मोहित मिश्रा, सैयद सहाब अली, चौधरी मोइन राइन, अजय बच्चा, कौशल कुमार शुक्ला, राजीव श्रीवास्तव, मोहम्मद हफीज, उस्मान बेग, अमित श्रीवास्तव, रमजान अहमद, मोहम्मद असलम, नफीस खान, नाजिम राइन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन महारानी अहिल्याबाई होलकर के बताए मार्ग पर चलने तथा सामाजिक सद्भाव, समानता एवं जनसेवा के मूल्यों को आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।