Home उत्तर प्रदेश महंगाई पर भाजपा सरकार को घेरा, जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाने का...

महंगाई पर भाजपा सरकार को घेरा, जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाने का लगाया आरोप

PRAYAGRAJ NEWS: दान बहादुर मधुर ने पेट्रोल-डीजल एवं तेल की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि तेल के दाम बढ़ाकर भाजपा सरकार ने जनता की जेब पर फिर डाका डाल दिया है। हर सुबह देशवासियों को महंगाई का नया झटका मिल रहा है, जबकि सरकार केवल विज्ञापनों में विकास दिखाने में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई से गरीब की रसोई उजड़ रही है, किसानों की लागत लगातार बढ़ रही है और नौजवानों की कमाई घटती जा रही है। इसके बावजूद सरकार जनता को राहत देने के बजाय टैक्स और आर्थिक बोझ बढ़ाने का काम कर रही है। सपा प्रवक्ता ने कहा कि देश की जनता अब पूछ रही है कि क्या यही ‘अच्छे दिन’ हैं और क्या जनता केवल टैक्स देने के लिए रह गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई भाजपा सरकार की सबसे बड़ी पहचान बन चुकी है और आने वाले 2027 एवं 2029 के चुनावों में जनता इस आर्थिक अत्याचार का जवाब अपने वोट से देगी।