मंडी में आया 3 लाख 50 हजार रुपए का बकरा बना चर्चा का विषय
BHADOHI NEWS: ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को लेकर नगर बाजार में खरीदारी परवान पर है। ईद-उल-अजहा के लिए नए कपड़े, टोपियां, इत्र व सेवई आदि सामान की खरीदारी की जा रही है। कुर्बानी को लेकर बकरों की भी खरीद-फरोख्त चल रही है। नगर के विभिन्न स्थानों पर बनाए गए बकरा मंडी में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों सहित अन्य जनपदों से व्यापारी बकरा लेकर पहुंचे हुए हैं। नगर के अंबरनीम, मर्यादपट्टी स्थित गाजी मियां के मेला मैदान में व पीरखांपुर मोहल्ला स्थित मदरसा अरबिया मदीनतुल इल्म के पास रोजाना बकरा मंडी सज रही है। चिलचिलाती धूप और चल रहे भीषण लू के कारण सुबह-शाम के समय ही व्यापारी बकरा लेकर पहुंचते हैं। वहीं खरीदार भी सुबह-शाम के समय ही मंडी में पहुंच रहे हैं। देखा जाए तो पिछले वर्ष की तुलना में इस साल बकरों के दाम में काफी बढ़ोतरी हुई है। मंहगाई ने बाजार को भीषण गर्मी की तरह गर्म कर दिया है, जबकि इस मंहगाई के चलते लोग पस्त है। मंडी में फिलहाल 15 हजार रुपए से नीचे कोई बकरा नहीं है। व्यापारी बकरे की नस्ल व डिमांड पर बकरों के भाव तय कर रहे हैं। वहीं तोल-मोल के बाद लोग अपने सामार्थ के अनुसार बकरों की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं। बकरा मंडी में 3 लाख 50 हजार रुपए तक का भी बकरा आया हुआ है। जो सभी के लिए चर्चा का विषय बना हुआ है। कुल मिलाकर ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को मनाने के लिए मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गई है। इस्लामिक कैलंडर के मुताबिक बकरीद यानी ईद-उल-अजहा जिलहिज्जा के 12वें यानी आखिरी महीना। जिलहिज्जा का का चांद दिखने के 10वें दिन यह पर्व मनाई जाती है। जो इस बार 28 मई को मनाई जाएगी। इस दिन नगर के सभी ईदगाहों और कई मस्जिदों में ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की जाएगी। उसके बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा खरीदे गए जानवरों को अल्लाह की राह में कुर्बानी दी जाएगी। ईद-उल-अजहा की नमाज के लिए पहले से ही वक्त मुकर्रर कर दिया गया है।







