Home आस्था मंदिर की जमीन पर दबंगों की नजर, दिनदहाड़े गायब की हनुमान जी...

मंदिर की जमीन पर दबंगों की नजर, दिनदहाड़े गायब की हनुमान जी की मूर्ति, आक्रोश

राजस्व विभाग की टीम ने एक माह पूर्व चिह्नित की थी जमीन, मंगलवार को ग्रामीणों ने स्थापित की थी मूर्ति, दोपहर 12 बजे अराजकतत्वों ने किया गायब।
LAL GOPALGANJ PRAYAGRAJ: नवाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत लालगोपालगंज पुलिस चैकी के पलयें गांव में कुछ दबंगों ने चिह्नित मंदिर स्थल से भगवान हनुमान जी की मूर्ति को दिनदहाड़े गायब कर दिया। इस घटना के बाद से गांव में तनाव एवं लोगों में आक्रोश व्याप्त है। सूचना मिलने पर  स्थानीय पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। करीब एक महीने पहले राजस्व विभाग की टीम ने पलयें गांव में पैमाइश की थी। इस दौरान टीम ने नवीन परती की जमीन को भूमिधरी से अलग कर सीमांकन किया था। इस भूमि पर भविष्य में कोई अवैध कब्जा न हो, इसके लिए सभी ग्रामीणों ने आपसी सहमति से एक राय बनाई। गांव वालों ने तय किया कि इस जमीन को पूरी तरह से हनुमान मंदिर निर्माण के लिए सुरक्षित रखा जाएगा। इसी उद्देश्य से मंगलवार को ग्रामीणों की सहमति के बाद उस चिह्नित जमीन पर हनुमान जी की मूर्ति स्थापित कर वहां धर्मध्वज फहराया गया। लेकिन यह बात गांव के ही कुछ असामाजिक तत्वों को रास नहीं आई। ग्रामीणों का आरोप है कि मंगलवार दिन में करीब 12 बजे कुछ दबंग लोग वहां पहुंचे। उन्होंने दबंगई दिखाते हुए नव-स्थापित हनुमान जी की मूर्ति को वहां से जबरन हटा कर उसे कहीं गायब कर दिया गया। घटना के बाद गांव का माहौल अचानक गरमा गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने यूपी पुलिस के आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए लालगोपालगंज पुलिस और डायल 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची। हालांकि पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही मूर्ति गायब करने वाले दबंग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। इस कृत्य के बाद पलयें गांव के लोगों में खासा आक्रोश है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि भगवान की मूर्ति गायब करने वाले अराजकतत्वों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई कर मूर्ति को पुनः स्थापित कराया जाए। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।