KAUSHAMBI NEWS: जनपद में मनाए जा रहे भूजल सप्ताह (16 से 22 जुलाई) के अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय पेरई, नेवादा में शुक्रवार को जल संरक्षण विषयक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने आकर्षक पोस्टर बनाकर जल बचाने का संदेश दिया और जल संरक्षण का संकल्प लिया। विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका सत्यवती देवी के मार्गदर्शन व ग्रीन शिक्षक हरिओम सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने “जल ही जीवन है” और “बूंद-बूंद बचाओ, भविष्य बनाओ” जैसे प्रेरक संदेशों से युक्त पोस्टर तैयार किए। विद्यार्थियों ने चित्रकला के माध्यम से जल संरक्षण के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर शिक्षिका प्रतिमा कुमारी ने कहा कि जल प्रकृति का अमूल्य संसाधन है और इसका संरक्षण वर्तमान के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बच्चों से दैनिक जीवन में पानी का सोच-समझकर उपयोग करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में शिक्षिका सपना श्रीवास्तव, अर्चना सिंह, सोनी गुप्ता, अन्नू केसरवानी व शिक्षक चक्रपाणि मिश्र और हुबलाल वर्मा सहित विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।







