Home उत्तर प्रदेश भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत) ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, किसानों...

भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत) ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, किसानों और आम जनता से जुड़े मुद्दे उठाए

FATEHPUR NEWS: भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत) ने मंगलवार को किसानों एवं आम जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। संगठन ने कृषि, न्यूनतम समर्थन मूल्य, व्यापार नीति और उज्ज्वला योजना सहित कई जनहित के मुद्दों पर केंद्र सरकार से शीघ्र निर्णय लेने की मांग की। जिला अध्यक्ष मधुसूदन तिवारी के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि देश का किसान बढ़ती लागत, घटती आय और आर्थिक संकट से जूझ रहा है। ऐसे में किसानों और आम जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार को जल्द सकारात्मक कदम उठाने चाहिए। ज्ञापन में संगठन ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर पुनर्विचार करने की मांग करते हुए कहा कि किसी भी व्यापारिक समझौते से भारतीय किसानों और कृषि क्षेत्र के हित प्रभावित नहीं होने चाहिए। संगठन का कहना है कि सरकार ऐसी नीति अपनाए जिससे देश के किसानों और कृषि आधारित अर्थव्यवस्था की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत) ने सभी किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रभावी नीतियां लागू करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि किसानों को ऐसी व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए जिससे वे आर्थिक संकट से उबरकर सम्मानपूर्वक खेती कर सकें। ज्ञापन में स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के अनुसार कृषि उपज का लागत मूल्य (सी-2) पर 50 प्रतिशत लाभ जोड़कर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) निर्धारित करने तथा एमएसपी पर खरीद की कानूनी गारंटी देने की भी मांग की गई है। संगठन का कहना है कि इससे किसानों को उनकी उपज का उचित और न्यायसंगत मूल्य मिल सकेगा। इसके अलावा संगठन ने उज्ज्वला योजना के पात्र लाभार्थी परिवारों को प्रतिवर्ष आठ गैस सिलेंडर निःशुल्क उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई। ज्ञापन में कहा गया कि इससे गरीब और ग्रामीण परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी। जिला अध्यक्ष मधुसूदन तिवारी ने कहा कि किसानों और आम जनता से जुड़े इन मुद्दों का समाधान समय की आवश्यकता है। उन्होंने सरकार से मांग की कि ज्ञापन में शामिल सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक निर्णय लिए जाएं। इस दौरान संगठन के कई पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे हैं।