Home उत्तर प्रदेश भारतीय किसान यूनियन (भूमि पुत्र) ने किसानों की 10 सूत्रीय मांगों को...

भारतीय किसान यूनियन (भूमि पुत्र) ने किसानों की 10 सूत्रीय मांगों को लेकर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

FATEHPUR NEWS: भारतीय किसान यूनियन (भूमि पुत्र) के बैनर तले शुक्रवार को विकास खंड हस्वा में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर संगठन के पदाधिकारियों एवं किसानों ने प्रदर्शन कर खंड विकास अधिकारी के माध्यम से जिलाधिकारी को 10 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। संगठन ने किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराए जाने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांगों की अनदेखी होने पर आंदोलन किया जाएगा। जिलाध्यक्ष पवन कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि जनपद के किसान लंबे समय से कई गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं, जिनका समाधान समय रहते नहीं किया जा रहा है। ज्ञापन में सबसे प्रमुख मांग छुट्टा एवं आवारा पशुओं से किसानों की फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की उठाई गई। किसानों का कहना है कि खेतों में तैयार फसलें छुट्टा पशुओं द्वारा लगातार नष्ट की जा रही हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। संगठन ने नहरों के अंतिम छोर तक पर्याप्त सिंचाई जल उपलब्ध कराने की मांग करते हुए कहा कि कई क्षेत्रों में किसानों को समय से पानी नहीं मिल पाता, जिससे खेती प्रभावित होती है। इसके साथ ही कृषि कार्य के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की भी मांग की गई, ताकि किसान बिना किसी बाधा के सिंचाई एवं अन्य कृषि कार्य कर सकें। ज्ञापन में किसानों को समय से डीएपी, यूरिया एवं अन्य उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने तथा उर्वरकों की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की मांग भी शामिल रही। संगठन का कहना है कि खाद की कमी और कालाबाजारी के कारण किसानों को अधिक कीमत चुकानी पड़ती है, जिससे खेती की लागत बढ़ रही है। भारतीय किसान यूनियन (भूमि पुत्र) ने जनहित से जुड़े कई अन्य मुद्दे भी उठाए। संगठन ने फतेहपुर मेडिकल कॉलेज के पास नेशनल हाईवे पर फुट ओवरब्रिज का निर्माण कराने, मलवा क्षेत्र के विभिन्न संपर्क मार्गों एवं पुलियों का चौड़ीकरण कराने तथा जर्जर एवं क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की। इसके अलावा नालियों की नियमित सफाई, जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान तथा ग्राम समाज की भूमि से अवैध कब्जे हटाकर किसानों के लंबित राजस्व मामलों का शीघ्र निस्तारण कराने की भी मांग की गई। संगठन ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो भारतीय किसान यूनियन (भूमि पुत्र) किसानों के हित में लोकतांत्रिक तरीके से धरना-प्रदर्शन एवं आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष पवन कुमार द्विवेदी के साथ अजीत तिवारी, रामशंकर लोधी, कृष्णकांत, विकास बाबा, दीपक यादव, सूरज यादव, रंजना श्रीवास्तव, प्रवेश कुमार, नाजिम सहित संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।