FATEHPUR NEWS: भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की विशाल महापंचायत शुक्रवार को असोथर में आयोजित की गई। इस दौरान संगठन के विस्तार पर चर्चा करते हुए 25 नवनियुक्त ग्राम अध्यक्षों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान और संगठन के कार्यकर्ता शामिल हुए। महापंचायत का आयोजन 5 सितंबर को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के असोथर ब्लॉक अध्यक्ष दीपू मिश्रा के आवास स्थित मिश्रा गेस्ट हाउस में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संगठन के राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेन्द्र सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष नवल पटेल ने की, जबकि युवा अध्यक्ष विवेक यादव ने मंच संचालन किया। कार्यक्रम के दौरान 25 नवनियुक्त ग्राम अध्यक्षों को नियुक्ति पत्र एवं अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन की मजबूती गांव और किसानों से जुड़ाव पर निर्भर करती है। कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर संगठन का विस्तार करने और किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने का आह्वान किया गया। महापंचायत में किसानों को खाद, बीज, सिंचाई तथा आवारा पशुओं से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) लगातार संघर्ष करेगी। ब्लॉक अध्यक्ष दीपू मिश्रा ने राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेन्द्र सिंह, जिला अध्यक्ष नवल पटेल, युवा अध्यक्ष विवेक यादव सहित अन्य अतिथियों एवं नवनियुक्त ग्राम अध्यक्षों का माल्यार्पण और अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया। इस दौरान कार्यक्रम में पहुंचे पत्रकारों का भी स्वागत किया गया। दीपू मिश्रा ने कहा कि असोथर ब्लॉक में 25 नए ग्राम अध्यक्षों की नियुक्ति से संगठन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से किसानों की आवाज को मजबूती और निडरता के साथ उठाने तथा संगठन की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया। महापंचायत में हजारों की संख्या में किसानों और कार्यकर्ताओं के पहुंचने का दावा किया गया। कार्यक्रम के दौरान असोथर थाना पुलिस भी सुरक्षा व्यवस्था के लिए मौजूद रही। किसानों के बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था की गई थी, वहीं उपस्थित लोगों को भोजन पैकेट भी वितरित किए गए।







