फोटो-केएस स्पोर्ट्स क्रिकेट प्रतियोगिता की विजेता भानु प्रताप सिंह क्लब की टीम
नितेश बेस्ट बॉलर शिव बने बेस्ट बैटर एवं मैन ऑफ टूर्नामेंट
PRAYAGRAJ NEWS: भानु प्रताप सिंह क्लब ने एएस हनुमानगंज क्लब को 6 विकेट से हराकर केएस स्पोर्ट्स ट्रॉफी अंडर-14 क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। चक हरिहरगंज झूंसी मैदान पर रविवार को खेले गए फाइनल मैच में एएस हनुमानगंज क्लब ने 19.4 ओवर में 112 रन (अनुभव गुप्ता 23, मयंक यादव 20, शिवेंद्र सिंह 19, शशांक मौर्य 3/13, राज 2/17, नितेश यादव 2/26, अंशुमान पटेल व अमित यादव एक-एक विकेट) बनाए। जवाब में भानु प्रताप सिंह क्लब ने 18.3 ओवर में चार विकेट पर 115 रन (शिव गौतम 64 नाबाद, मानस 23, आर्यन यादव 15, शिवेंद्र सिंह 2/25, अनुभव गुप्ता 1/16) बना लिए। मैच में शिशिर मेहरोत्रा व रामचंद्र यादव अंपायर एवं मोहम्मद सैफ स्कोरर रहे। मुख्य अतिथि एनआईएस क्रिकेट प्रशिक्षक देवेश मिश्र एवं केएस स्पोर्ट्स के ऑनर चंद्र मोहन यादव व प्रताप सिंह चंदेल ने पुरस्कार वितरित किये। शिव गौतम को मैन ऑफ द मैच, बेस्ट बैटर एवं मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। नितेश यादव बेस्ट बॉलर चुने गये। आयोजन सचिव विपिन यादव ने अतिथियों का स्वागत एवं धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन सचिन प्रकाश सिंह ने किया। मैच के बाद मैदान पर मौजूद लोगों ने एसीए के क्रिकेट अंपायर राहुल सिंह के पिता के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर शोक व्यक्त किया।







