JHANSI NEWS: ईद उल अजहा (बकरीद) का पर्व शहर में उल्लास, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। शहर की बड़ी ईदगाह में सुबह से ही नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जहां हजारों लोगों ने ईद उल अजहा की नमाज अदा की। नमाज मुफ्ती साबिर कासमी ने पढ़ाई। नमाज के दौरान देश में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। बच्चों और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला तथा पूरे शहर में खुशी और भाईचारे का माहौल नजर आया। वहीं बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति ने बड़ी ईदगाह सहित विभिन्न मस्जिदों एवं ईदगाहों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पर्व के दौरान सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान एसएसपी ने नागरिकों, धर्मगुरुओं एवं नमाज अदा करने आए लोगों को बकरीद की शुभकामनाएं दीं और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या अवांछनीय गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। भीषण गर्मी को देखते हुए पुलिस बल को पर्याप्त पानी पीने और स्वास्थ्य का ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए। जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पैदल गश्त एवं निगरानी की गई, जिससे पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हो सका।








