Home उत्तर प्रदेश भाई पर मां से जालसाजी कर 9 कट्ठा जमीन हड़पने का आरोप,...

भाई पर मां से जालसाजी कर 9 कट्ठा जमीन हड़पने का आरोप, ADM ने दिए जांच के आदेश

इंसाफ न मिलने से तंग आकर डीएम कार्यालय पहुंचे फरियादी ने परिवार संग किया आत्मदाह का प्रयास

KUSHINAGAR NEWS: जमीन विवाद में एक साल से भटकने और इंसाफ न मिलने से हताश होकर तहसील पडरौना के जंगल अमवा निवासी समसाद अहमद ने मंगलवार को परिवार सहित DM कार्यालय में आत्मदाह का प्रयास किया। पेट्रोल डालते ही कार्यालय में हड़कंप मच गया। मौजूद पुलिस और कर्मचारियों ने समय रहते बचा लिया।

क्या है पूरा मामला

समसाद अहमद ने DM को दिए शिकायती पत्र में लिखा है कि वह जंगल बेलवा, चौरिया महराणा प्रताप नगर, तहसील पडरौना का निवासी है। पिता गाजीउद्दीन मिया की मृत्यु के एक साल बाद भाई इकबाल अहमद ने मां से जालसाजी कर पूरी 9 कट्ठा जमीन अपने और पत्नी के नाम दान पत्र करा ली। आरोप है कि भाई RTO ऑफिस में मुंशी है और उसने प्रार्थी को 1 कट्ठा भी जमीन नहीं दी। समसाद का कहना है कि वह पत्नी और बेटी के साथ अलग रहता है। खाने के मुहताज हैं, घर का चूल्हा नहीं जलता। कर्ज लेकर जीवन चला रहा है। भाई घर आकर गाली-गलौज करता है और पूरी जमीन जोत रहा है। पत्र में समसाद ने लिखा “अगर हमको हमारा हिस्सा नहीं मिला तो पति, पत्नी व बेटी तीनों आत्महत्या कर लेंगे।”

DM कार्यालय में हुआ हंगामा

न्याय न मिलने से परेशान समसाद मंगलवार को परिवार के साथ DM कार्यालय पहुंचा और अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया। शोर सुनकर मीटिंग से बाहर आ रहे तहसीलदार कसया धर्मवीर सिंह ने फौरन उच्चाधिकारियों को सूचना दी। मौके पर एसडीएम न्यायिक पडरौना डा. संतराम सिंह बघेल और तहसीलदार पडरौना अभिषेक मिश्रा पहुंचे और पीड़ित से मामले की जानकारी ली। घटना की सूचना पर adm वैभव मिश्रा भी कार्यालय पहुंचे और प्रकरण के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। फिलहाल पुलिस ने पीड़ित को समझा-बुझाकर शांत कराया है। मामले की जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।