Home उत्तर प्रदेश भगवा का अपमान बर्दाश्त नहीं: भाजपा

भगवा का अपमान बर्दाश्त नहीं: भाजपा

MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता)  संसद परिसर में फैजाबाद के सांसद अवधेश प्रसाद की मौजूदगी में हुए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस सांसद पप्पू यादव के साधु का रूप धारण कर राममंदिर चंदा चोरी प्रकरण का विरोध करने पर भाजपा नगर अध्यक्ष पश्चिमी नितिन विश्वकर्मा ने अपनी नाराजगी जाहिर की। भाजपा नगर अध्यक्ष पश्चिमी नितिन विश्वकर्मा ने कहा कि संसद जैसे पवित्र स्थान पर साधु का वेश धारण कर किया गया प्रदर्शन गलत है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का इस मुद्दे पर हंसकर मजाक बनाना सभी साधु-संतों का अपमान है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नितिन विश्वकर्मा ने कहा कि भगवा केवल एक रंग या वस्त्र नहीं है, बल्कि यह भारत की सनातन संस्कृति, त्याग, तप, शौर्य, राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान का पवित्र प्रतीक है। इसका अपमान करोड़ों भारतीयों की आस्था और भावनाओं का अपमान है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन यदि राजनीति के नाम पर देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को निशाना बनाया जाए तो यह गंभीर चिंता का विषय है। भाजपा का विरोध करते-करते ये लोग इतना नीचे गिर जाएंगे कि सनातन के विरोध पर उतर आएंगे, यह किसी ने नहीं सोचा था। उन्होंने आगे कहा कि राममंदिर चंदा चोरी के मामले में जिन्होंने गुनाह किया है, वे सभी सलाखों के पीछे हैं और सरकार उन्हें सजा दिलाने के लिए वचनबद्ध है। राममंदिर चंदा चोरी करने वाले लोगों में से एक भी भगवा वस्त्र नहीं पहनता था, फिर भगवा का अपमान किसलिए किया गया।