MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद चौधरी ने अपने बयान को लेकर जारी हो रही खबरों पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि कुछ मीडिया संस्थानों द्वारा उनके वक्तव्य को गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है, जिससे अनावश्यक रूप से माहौल बिगाड़ने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका व्यापारियों से किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं है और न ही उन्हें किसी प्रकार का नुकसान पहुंचाने का कोई इरादा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की मांग केवल उन भाजपा नेताओं के विरुद्ध कार्रवाई की है, जिन्होंने पुलिस की मौजूदगी में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का सार्वजनिक रूप से पुतला दहन किया था। सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि जब तक संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से पूरे जिले में आंदोलन जारी रखेगी। आवश्यकता पड़ने पर नगर बंद का निर्णय भी लिया जा सकता है।उन्होंने व्यापारी वर्ग से अपील करते हुए कहा कि उनके संबंध में किसी भी प्रकार का भ्रम न पालें। उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी लंबे समय से व्यापारी रहे हैं और व्यापारियों की भावनाओं एवं समस्याओं को भली-भांति समझते हैं। उन्होंने दोहराया कि उनका व्यापारियों के प्रति कोई विरोध या दुर्भावना नहीं है।







