24 घंटे में पुलिस ने आरोपित को किया गिरफ्तार
MIRZAPUR NEWS: (अमरेश चंद्र पाण्डेय) पड़री थाना क्षेत्र के उसरहवा गांव के पास रेलवे ट्रैक किनारे मिले किन्नर के शव की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझाने का दावा किया है। संयुक्त पुलिस टीम ने हत्या के आरोपित को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त ऑटो भी बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई को भदोही जनपद के औराई थाना क्षेत्र के घोसिया निवासी अरशलान ने अपने पिता सत्तार खान उर्फ हसीना (किन्नर) की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक के पास फेंके जाने की आशंका जताते हुए नामजद तहरीर दी थी। इस पर पड़री थाने में बीएनएस की धारा 103(1) व 238(बी) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) व क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में गठित टीम ने इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर शुक्रवार को एसओजी/सर्विलांस व पड़री पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में भदोही के चक जीवरानी निवासी 25 वर्षीय सोनू विश्वकर्मा को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो (यूपी 65 क्यूटी 2228) भी बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपित ने पुलिस को बताया कि वह सत्तार खान उर्फ हसीना के साथ रहता था, लेकिन उससे अलग होना चाहता था। आरोप है कि मृतक उसे ब्लैकमेल कर रहा था। इससे परेशान होकर उसने रामनगर बुलाकर शराब पिलाई और नशे की हालत में गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को ऑटो में लादकर पड़री थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास सुनसान स्थान पर ले जाकर रेलवे बाउंड्री के पीछे छिपा दिया तथा गले पर भारी पत्थर रख दिया, ताकि घटना दुर्घटना प्रतीत हो। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।







