बेटी की खुशियों में शामिल हुआ अटल परिवार, भेंट किए नगद राशि व उपहार
JHANSI MEWS: समाजसेवा, मानवता और जरूरतमंदों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही अटल सेवा संस्था ने एक बार फिर अपने सेवा भाव और सामाजिक दायित्व का परिचय देते हुए एक गरीब एवं असहाय परिवार की बेटी के विवाह में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। संस्था द्वारा सामूहिक प्रयास से कन्या के विवाह हेतु 21,000 की नगद राशि के साथ गृहस्थी में उपयोग होने वाला आवश्यक सामान एवं उपहार भेंट किए गए। इस अवसर पर संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कहा कि बेटी का विवाह केवल एक परिवार का नहीं, बल्कि पूरे समाज का दायित्व होता है। इसी भावना के साथ अटल सेवा संस्था लगातार ऐसे परिवारों की मदद के लिए आगे आती रही है और भविष्य में भी यह सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे। संस्था के अध्यक्ष प्रतिपाल सिंह भुसारी ‘बिट्टू’ ने बताया कि अटल सेवा संस्था का उद्देश्य केवल सहायता प्रदान करना नहीं, बल्कि समाज में सहयोग, संवेदना और मानवीय मूल्यों को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि संस्था के सभी सदस्यों, मातृशक्ति एवं सहयोगियों ने स्वेच्छा से योगदान देकर इस पुण्य कार्य में सहभागिता निभाई है। संस्था परिवार ने नवविवाहित जोड़े के सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना करते हुए उन्हें शुभाशीष प्रदान किया। उन्होंने कहा कि अटल सेवा संस्था पिछले कई वर्षों से जरूरतमंद परिवारों की सहायता, गरीबों को खाद्य सामग्री वितरण, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर, शिक्षा सहायता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक जागरूकता जैसे अनेक जनहितकारी कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती आ रही है। संस्था का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना और मानव सेवा को सर्वोच्च धर्म मानकर कार्य करना है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज के समय में जब कई परिवार आर्थिक कठिनाइयों के कारण बेटियों के विवाह को लेकर चिंतित रहते हैं, ऐसे में अटल सेवा संस्था का यह सहयोग न केवल आर्थिक मदद है, बल्कि समाज को सकारात्मक संदेश देने वाला प्रेरणादायी कदम भी है। संस्था के सदस्यों ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी जरूरतमंद परिवारों की सहायता, बेटियों के सम्मान और सामाजिक उत्थान के लिए इसी प्रकार सेवा कार्यों को और अधिक व्यापक रूप से संचालित किया जाएगा। अटल सेवा संस्था की यह पहल मानवता, सेवा और सामाजिक एकजुटता का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है।







