JHANSI NEWS: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जनपद झांसी में 15 से 21 जून तक योग सप्ताह का आयोजन भव्यता के साथ किया जाएगा। इस वर्ष योग सप्ताह एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योग फॉर हैल्थी एजिंग निर्धारित की गई है। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. जगजीवन राम ने बताया कि योग सप्ताह का शुभारंभ 15 जून को प्रातः 6 बजे अटल एकता पार्क में होगा। उन्होंने कहा कि योग को केवल एक आयोजन तक सीमित न रखकर जीवनशैली का हिस्सा बनाना ही इस अभियान का वास्तविक उद्देश्य है। योग के नियमित अभ्यास से व्यक्ति स्वस्थ, निरोग और तनावमुक्त जीवन जी सकता है। उन्होंने जनपदवासियों से योग सप्ताह के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण करते हैं। योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल कर अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है तथा शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है। डॉ. जगजीवन राम ने बताया कि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में विशाल सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, योग साधक, महिलाएं, बच्चे एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यक्रम स्थल पर सभी प्रतिभागियों के लिए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। योग सप्ताह के दौरान जनपद की सभी तहसीलों, नगर पालिकाओं, नगर पंचायतों, विकास खंडों, विद्यालयों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा योगाभ्यास एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।







