SIDHARTHNAGAR NEWS: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी की अध्यक्षता में गुरुवार को मां दुर्गा जी चौधरी पाटेश्वरी प्रसाद इंटरमीडिएट कॉलेज, पटनी जंगल में महिला चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय के प्रधानाचार्य ने उपाध्यक्ष का स्वागत किया। महिला चौपाल को संबोधित करते हुए उपाध्यक्ष चारु चौधरी ने कहा कि बेटियां राष्ट्र निर्माण की आधारशिला हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा व स्वावलंबन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ‘कन्या सुमंगला योजना’ जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से बेटियों के जन्म से लेकर पढ़ाई तक की व्यवस्था की गई है। उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी घटना पर चुप रहने के बजाय आवाज उठाएं और आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है, जो पूरे परिवार को शिक्षित करती है।
चौपाल के दौरान महिलाओं की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। साथ ही पात्र लाभार्थियों को आवास, पेंशन और शौचालय योजना से जोड़ने के निर्देश भी दिए गए। कार्यक्रम के अंत में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, बच्चों का अन्नप्राशन और विद्यालय परिसर में पौधरोपण किया गया।
इससे पूर्व, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने रेस्ट हाउस में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर महिला उत्पीड़न से संबंधित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि महिला उत्पीड़न के मामलों में त्वरित कार्रवाई कर पीड़ितों को न्याय दिलाया जाए। इस अवसर पर तहसीलदार नौगढ़, क्षेत्राधिकारी रोहिणी यादव, महिला थानाध्यक्ष भाग्यवती पांडेय, जिला प्रोबेशन अधिकारी विनय सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी साहब यादव, प्रीति चौधरी सहित भारी संख्या में महिलाएं व संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







