JHANSI NEWS: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सोमवार को बुन्देलखण्ड राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज एवं चिकित्सालय, झांसी में योग सप्ताह का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं अधीक्षक प्रो. माखन लाल के निर्देशन में संपन्न हुआ, जिसमें शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राओं सहित लगभग 200 लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन योग सत्र से हुई, जिसमें कॉलेज परिसर में निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास कराया गया। डॉ. रामकृष्ण निरंजन एवं योग प्रशिक्षक रमेश चन्द्र कुशवाहा ने उपस्थित प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। योग सत्र में प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और नियमित योग के महत्व को समझा।
इसके उपरांत धुलेकर सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री हरगोविन्द कुशवाहा ने योग सप्ताह का औपचारिक शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं गौरवशाली परंपरा है, जो न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान प्रो. रामकृष्ण राठौर ने “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” विषय पर व्याख्यान देते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास वृद्धावस्था में होने वाली अनेक शारीरिक और मानसिक समस्याओं से बचाव में सहायक सिद्ध होता है। वहीं “वृद्धावस्था में योग की भूमिका” विषयक संगोष्ठी में डॉ. भूपेन्द्र मणि त्रिपाठी एवं डॉ. अर्पित श्रीवास्तव ने अपने विचार व्यक्त करते हुए योग को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन का आधार बताया। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रो. माखन लाल ने कहा कि बढ़ती आयु के साथ स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का सामना करने के लिए नियमित योगाभ्यास, संतुलित दिनचर्या और आयुर्वेदिक चिकित्सा का समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि योग और आयुर्वेद भारतीय संस्कृति की ऐसी अमूल्य धरोहर हैं, जो व्यक्ति को दीर्घकाल तक स्वस्थ एवं निरोग बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम में डॉ. गोविन्द प्रसाद मंगल, डॉ. उमेश चन्द्र शर्मा, डॉ. सुमन श्रीवास्तव, डॉ. गुरमीत राम सहित कॉलेज परिवार के अनेक सदस्य उपस्थित रहे। योग सप्ताह के शुभारंभ के साथ ही आगामी दिनों में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, संगोष्ठियां एवं योग सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से जनसामान्य को योग के प्रति प्रेरित किया जाएगा.
Home उत्तर प्रदेश बुन्देलखण्ड आयुर्वेदिक कॉलेज में योग सप्ताह का शुभारंभ, स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए...







