रवि शर्मा को मंत्री बनाकर बुंदेलखंड को मिले नई पहचान : दिलीप पाण्डे
JHANSI NEW: विश्व हिन्दू महासंघ भारत के राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य एवं जिला प्रभारी दिलीप पाण्डे ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर सदर विधायक रवि शर्मा को मंत्रीमंडल में शामिल किए जाने की मांग की है। मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में कहा गया है कि रवि शर्मा केवल एक जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि झाँसी की जनता के विश्वास और विकास का प्रतीक हैं। लगातार तीन बार जनता का आशीर्वाद प्राप्त कर चुनाव जीतना इस बात का प्रमाण है कि उन्होंने क्षेत्र की सेवा पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ की है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि रवि शर्मा ने सदैव सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा एवं सामाजिक विकास जैसे जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। जनता के बीच उनकी सरलता, मिलनसार व्यक्तित्व एवं कर्मठ कार्यशैली उन्हें एक लोकप्रिय नेता बनाती है। दिलीप पाण्डे ने कहा कि झाँसी सहित पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र की जनता की भावना है कि ऐसे अनुभवी, जमीनी एवं विकासशील सोच रखने वाले नेता को मंत्रीमंडल विस्तार में स्थान अवश्य मिलना चाहिए, ताकि वे प्रदेश स्तर पर भी अपनी कार्यक्षमता और अनुभव से उत्तर प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह करते हुए कहा कि यदि रवि शर्मा को मंत्रीमंडल में जिम्मेदारी मिलती है तो वह झाँसी ही नहीं बल्कि पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र की आवाज़ को और मजबूती से सरकार तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। अंत में उन्होंने कहा “जनता का विश्वास, विकास का प्रयास यही है रवि शर्मा की पहचान।”





