जन अधिकार पार्टी के तत्वावधान में आयोजित हुआ कार्यक्रम
FATEHPUR NEWS: गौतम बुद्ध की जयंती के अवसर पर बिंदकी क्षेत्र में जन अधिकार पार्टी द्वारा एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उनके अहिंसा, करुणा और मानवता के संदेशों को स्मरण किया गया। कार्यक्रम बिंदकी-जोनिहा मार्ग स्थित दरियापुर मोड़ के समीप पेट्रोल पंप के सामने शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे शुरू हुआ। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भगवान बुद्ध के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्य अतिथि प्रयागराज मंडल अध्यक्ष अतुल मौर्य ने कहा कि यह दिन भगवान बुद्ध के जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण का प्रतीक है, इसलिए इसका विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि बुद्ध के विचार आज भी समाज को शांति और सद्भाव की दिशा दिखाते हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जन अधिकार पार्टी के मंडल महासचिव लक्ष्मी सागर पटेल ने कहा कि बुद्ध जयंती आत्मचिंतन का अवसर है और हमें उनके बताए करुणा व अहिंसा के मार्ग पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। इस मौके पर जिला प्रभारी सुशील कुमार पटेल, संतोष कुशवाहा, जिला अध्यक्ष राजेश मौर्य, बिंदकी अध्यक्ष रामदयाल, जिला सलाहकार रामशंकर निषाद, महिला इकाई की जिला अध्यक्ष अर्चना कुशवाहा, जिला सचिव प्रियंका, वीरेंद्र वर्मा, राममिलन, सोहनलाल, संतोष कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।







