KUSHINAGAR NEWS: हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन टीम द्वारा आज जनपद के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, रामकोला में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह द्वारा की गई। कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं एवं शिक्षकों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं तथा महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करने हेतु छात्राओं एवं शिक्षकों से अनुरोध किया गया। हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन टीम के डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह द्वारा बाल विवाह विषय पर विशेष चर्चा करते हुए छात्राओं को बाल विवाह के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई तथा बाल विवाह न करने एवं इसके विरुद्ध जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया। जेंडर स्पेशलिस्ट वंदना कुशवाहा ने छात्राओं को बताया कि यदि उनके आसपास किसी कम उम्र की लड़की अथवा लड़के का विवाह कराया जा रहा हो, तो इसकी सूचना तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 अथवा 112 पर दी जाए, ताकि बाल विवाह को रोका जा सके। कार्यक्रम के दौरान महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न लाभकारी योजनाओं, यथा निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना एवं मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई तथा पात्र लोगों को इन योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करने का अनुरोध किया गया। इसके साथ ही अमन मिश्रा द्वारा प्रदेश में संचालित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों चाइल्ड हेल्पलाइन-1098, वन स्टॉप सेंटर-181, महिला हेल्पलाइन-1090, 112, 108 एवं 102 के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए उनकी उपयोगिता एवं आवश्यकता के बारे में बताया गया। कार्यक्रम के समापन पर डिस्ट्रिक्ट मिशन कोऑर्डिनेटर नलिन सिंह द्वारा उपस्थित छात्राओं एवं शिक्षकों को बाल विवाह न करने एवं बाल विवाह के विरुद्ध जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई। छात्राओं से अपील की गई कि यदि उनके संज्ञान में बाल विवाह से संबंधित कोई मामला आता है तो तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 अथवा 112 पर सूचना देकर ‘बाल विवाह मुक्त भारत अभियान’ को सफल बनाने में सहयोग करें।







