FATEHPUR NEWS: लगातार हो रही तेज बारिश के चलते जनपद में कच्चे मकानों के गिरने का सिलसिला शुरू हो गया है। तेलियानी विकासखंड क्षेत्र के सेमरहटा गांव में बारिश के दौरान कई कच्चे मकान धराशायी हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इन घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और परिवार के लोग बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी श्रीपाल का कच्चा मकान तेज बारिश के दौरान अचानक भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बाहर निकल आए। इसी प्रकार गांव के भगवानदीन का कच्चा मकान भी लगातार बारिश के कारण गिर गया। इस घटना में गृहिणी और बच्चे भी बाल-बाल बच गए। ग्रामीणों के अनुसार, गांव निवासी बाबूराम का कच्चा मकान भी पहले ही गिर चुका है। लगातार हो रही बारिश के बीच कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों के सामने अब सिर छिपाने का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश का दौर जारी रहने पर अन्य जर्जर मकानों के गिरने का भी खतरा बना हुआ है। ग्रामीण बाबूराम पासवान ने बताया कि गांव में कई पात्र परिवार आज भी पक्के आवास की आस लगाए हुए हैं और मजबूरी में कच्चे व जर्जर मकानों में रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान ऐसे मकानों के गिरने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। कच्चे मकानों के लगातार गिरने की घटनाओं ने प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभ से वंचित पात्र परिवारों की स्थिति को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीण भगवानदीन, धर्मपाल, गंगाराम सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में पात्र परिवारों का शीघ्र सर्वे कराया जाए और जरूरतमंद परिवारों को प्राथमिकता के आधार पर आवास योजना का लाभ दिलाया जाए, ताकि वे सुरक्षित पक्के मकानों में रह सकें।







