PRAYAGRAJ NEWS: बारा तहसील परिसर में सोमवार को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ बारा विधायक डॉ. वाचस्पति ने फीता काटकर किया। प्रदर्शनी में प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, परियोजनाओं और उपलब्धियों को चित्रों एवं सूचना सामग्री के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। उद्घाटन के बाद विधायक डॉ. वाचस्पति ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए इसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी आमजन के लिए बेहद उपयोगी है, क्योंकि इसके माध्यम से लोगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त होगी। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी देखने और योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। प्रदर्शनी में प्रदेश सरकार के नौ वर्षों के विकास कार्यों, कानून व्यवस्था में सुधार, महिला सशक्तिकरण, किसानों के कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, आवास, सड़क एवं कनेक्टिविटी सहित विभिन्न क्षेत्रों में हुए कार्यों को आकर्षक चित्रों और जानकारी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।इसके अलावा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, अटल पेंशन योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, आवास योजनाओं समेत अनेक जनहितकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदर्शनी में दी गई है। इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि विजय कुमार निषाद, मीडिया प्रभारी नीरज केसरवानी, आईटी सेल प्रभारी दिलीप, फूलचन्द्र पटेल, जगत नारायण शुक्ला, एसडीएम न्यायिक चंदन, तहसीलदार अनिल पाठक तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।







