PRAYAGRAJ NEWS: सोमवार को महिला कल्याण समिति/प्रयागराज मण्डल द्वारा रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी में संचालित “सिलाई -द टेलरिंग सेंटर” नामक सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन महिला कल्याण संगठन, उत्तर मध्य रेलवे की अध्यक्षा, हिमा चैहान सिंह द्वारा किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना तथा उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। यह केंद्र प्रशिक्षणार्थियों को सिलाई एवं परिधान निर्माण से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होगा। समिति द्वारा संचालित यह प्रशिक्षण केंद्र उन इच्छुक महिलाओं एवं युवाओं के लिए विशेष रूप से लाभकारी होगा, जो सिलाई एवं टेलरिंग के क्षेत्र में व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त कर अपने भविष्य को सशक्त बनाना चाहते हैं। केंद्र में अनुभवी एवं प्रशिक्षित प्रशिक्षकों द्वारा सिलाई, कटिंग एवं आधुनिक टेलरिंग तकनीकों का व्यवस्थित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे प्रशिक्षणार्थी अपने कौशल का विकास कर आत्मविश्वास के साथ कार्य कर सकें।
महिला कल्याण समिति का मानना है कि कौशल आधारित प्रशिक्षण आज के समय में आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए इस केंद्र की स्थापना की गई है, ताकि अधिक से अधिक महिलाओं एवं युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके. प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले योग्य अभ्यर्थियों को केंद्र में कार्य करने का अवसर भी प्रदान किया जाएगा। इससे प्रशिक्षणार्थियों को न केवल रोजगार प्राप्त करने में सहायता मिलेगी, बल्कि वे स्वरोजगार के माध्यम से भी अपनी आजीविका सुदृढ़ कर सकेंगे। प्रशिक्षण केंद्र का पता ट्रैफिक रेलवे कॉलोनी, खर्बंदा मार्केट के सामने, नवाब यूसुफ रोड, प्रयागराज है।
महिला कल्याण समिति ने अधिक से अधिक महिलाओं एवं युवाओं से इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया है। इस अवसर पर महिला कल्याण समिति, प्रयागराज मण्डल की अध्यक्षा, वंदना अग्रवाल उपाध्यक्षा, प्रज्ञा दीपक कुमार, गुलशन वारिस, वंदना सिंह, सचिव निहारिका सिंह सदस्या प्रवीणा सिंह, प्रिया तिवारी, पूर्वी कन्नौजिया, महनिशा उपस्थित रहे ।







