बाढ़ संभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर कार्ययोजना बनाने के निर्देश
राहत सामग्री के लिए समय से टेंडर प्रक्रिया पूरी करने पर जोर
FATEHPUR NEWS: कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में बाढ़ पूर्व तैयारियों को लेकर बाढ़ स्टेयरिंग कमेटी की बैठक जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद में गंगा, यमुना एवं सहायक नदियों से प्रभावित संभावित क्षेत्रों की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी निधी गुप्ता वत्स ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपनी-अपनी कार्ययोजना शीघ्र तैयार कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि बाढ़ संभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों की पूरी तैयारी समय से सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी प्रकार की जनहानि या पशुहानि न हो। उन्होंने उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में बाढ़ संभावित गांवों का भ्रमण कर निरीक्षण करें और सुरक्षित स्थानों का चिन्हांकन करते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करें। साथ ही बाढ़ चौकियों की स्थापना कर कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित करने को भी कहा गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बाढ़ के दौरान उपयोग में आने वाली राहत सामग्री और उपकरणों की खरीद के लिए समय से टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली जाए। इसके अलावा नाविकों और गोताखोरों को चिन्हित कर उनके नाम, पते और मोबाइल नंबर संकलित करने के निर्देश भी दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा अन्य विभागों को अपनी-अपनी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्राम प्रधानों के सहयोग से बाढ़ संभावित क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) डॉ. अविनाश त्रिपाठी, उपजिलाधिकारी सदर व बिंदकी सहित विद्युत, सिंचाई, पीडब्ल्यूडी, पूर्ति एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे हैं।







