प्रसिद्ध शिया धर्मगुरु मौलाना अली अब्बास छपरवी व नौहा ख्वान रेहान जलालपुरी रहे आकर्षण का केंद्र
देर रात तक चला मजलिस व जुलूस-ए-अरबईन का दौर
साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष शहंशाह आब्दी के आब्दी मंजिल पर लगा जमावड़ा
FATEHPUR NEWS: खागा तहसील क्षेत्र के बहेरा सादात गांव में बुधवार को चेहल्लुम के अवसर पर मजलिस व जुलूस-ए-अरबईन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बड़ा इमामबाड़ा, नासिर हुसैन साहब से मजलिस के बाद जुलूस निकालकर हुआ। इस दौरान प्रसिद्ध शिया धर्म गुरु मौलाना अली अब्बास छपरवी (बिहार) की रूह को झकझोर देने वाली मजलिस और सुप्रसिद्ध नौहा ख्वान रेहान जलालपुरी (अंबेडकर नगर) व अन्य नौहा ख्वानों के नौहे और मातम पेश किए गए।
कार्यक्रम के आयोजक साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन (सीजेए) के उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार शहंशाह आब्दी रहे। उन्होंने बताया कि बुधवार की शाम से शुरू हुआ प्रोग्राम देर रात तक कुशलतापूर्वक प्रशासन की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस विशेष आयोजन में बिहार के प्रसिद्ध शिया धर्मगुरु मौलाना अली अब्बास छपरवी मुख्य वक्ता (खिताबत) के रूप में मजलिस सुनाकर लोगों को ग़मे हुसैन में डूबने को मजबूर किया तथावहीं आब्दी मंजिल पर मशहूर नौहाख्वान रेहान जलालपुरी के नौहे ने लोगों को अश्कबार किया। कार्यक्रम में कई अन्य नौहा ख्वानों और अंजुमनों ने नौहा व मातम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की निज़ामत मौलाना नय्यर बहिश्ती जलालपुरी ने किया। जबकि तिलावत और पेशख्वानी मरजान हाशमी आज़मगढ़ी ने किया। इस अवसर पर शमशुल भाई बांदवी के नेतृत्व में अंजुमन अब्बासिया बांदा, हुसैन वारसी की अगुवाई में अंजुमन वारसी, जेहिदपुर (कौशाम्बी) और उस्मान अली की अगुवाई में अंजुमन अब्बासिया अहले सुन्नत नजरगंज बड़ागांव, कौशाम्बी ने अपनी अंजुमन के साथ शानदार नौहे और मातम पेश किया। साथ ही नौहाख्वानी के लिए हिन्दुस्तान के मशहूर नौहाख्वान मुदस्सिर जौनपुरी और मख़सूस नौहा ख्वान आशू कानपुरी ने भी अपने नौहे पेश किए। ये कार्यक्रम साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन (सीजेए) के प्रदेश अध्यक्ष शहंशाह आब्दी की सरपरस्ती और उनकी टीम में आयोजित हुए। साथ ही आयोजन की जिम्मेदारी अंजुमन ज़ुल्फेकार-ए-हैदरी, बहेरा सादात द्वारा निभाई गई है। इस दौरान बड़ी तादाद में इलाकाई लोगों ने शिरकत किया तथा लंगर और सबील का स्वाद भी चखा। आयोजकों ने कार्यक्रम में क्षेत्र के आए अकीदतमंदों का शुक्रिया अदा किया।







