PRAYAGRAJ NEWS: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने प्रयागराज स्थित होटल ज़ोन कनेक्ट बाय द पार्क में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा सरकार की युवा नीतियों और कथित पेपर लीक मामलों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में “जीरो टॉलरेंस” का दावा करने वाली सरकार ब्लैकलिस्टेड कंपनियों को बार-बार ठेके देकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उनका आरोप था कि जब छात्र अपने अधिकारों के लिए आवाज़ उठाते हैं तो उनके खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई की जाती है। अजय राय ने दावा किया कि कोटा और देहरादून में अनुमति रद्द होने के दस्तावेजी प्रमाण मौजूद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस मैदान में राहुल गांधी के कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी गई, उसी स्थान पर बाद में एक पॉप सिंगर के कार्यक्रम को अनुमति दे दी गई, जो प्रशासन के दोहरे रवैये को दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 8 अगस्त को प्रयागराज आएंगे और शाम 6 बजे से केपी ग्राउंड (सेंट पीटर्स मैदान) में आयोजित “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम के तहत छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। अजय राय ने कहा कि यह कोई राजनीतिक कार्यक्रम नहीं होगा। इसमें किसी राजनीतिक दल का झंडा या अन्य राजनीतिक गतिविधियां नहीं होंगी, बल्कि केवल छात्रों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी दोपहर 2 बजे दिल्ली से रवाना होकर 3:15 बजे प्रयागराज पहुंचेंगे। इसके बाद आनंद भवन/स्वराज भवन में विश्राम करेंगे और शाम 6 बजे से 8:30 बजे तक केपी ग्राउंड में छात्रों के बीच रहेंगे। कार्यक्रम के बाद रात 9:30 बजे प्रयागराज से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। अजय राय ने कहा कि प्रशासन को कार्यक्रम की सूचना समय से दे दी गई है और कार्यक्रम पूर्व निर्धारित समय के अनुसार आयोजित किया जाएगा। प्रेस वार्ता में राष्ट्रीय सचिव वीपी सिंह, प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष शिव पांडेय, प्रवक्ता संजीव सिंह, वरिष्ठ नेता शेखर बहुगुणा, हरिकेश त्रिपाठी, शहर अध्यक्ष फुज़ैल हाशमी सहित अन्य कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।







