Home उत्तर प्रदेश बकरी चोरी के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, एक बदमाश के पैर...

बकरी चोरी के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, एक बदमाश के पैर में लगी गोली

दो आरोपी गिरफ्तार, दो तमंचे, कारतूस, बोलेरो, नकदी व लोहे की रॉड बरामद
FATEHPUR NEWS: थाना बकेवर पुलिस और क्राइम डिटेक्शन टीम की संयुक्त कार्रवाई में मंगलवार की रात देवमई नहर पुलिया के पास पुलिस और पशु चोरी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई, जबकि मौके से भाग रहे उसके दो साथियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपी थाना बकेवर और औंग में दर्ज पशु चोरी एवं चोरी के मामलों में प्रकाश में आए थे। पुलिस टीम को आरोपियों के क्षेत्र में दोबारा किसी घटना को अंजाम देने की सूचना मिली थी। इसके बाद थाना बकेवर पुलिस और क्राइम डिटेक्शन टीम ने देवमई नहर पुलिया के रास्ते के पास घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान रफीक पुत्र सफीक निवासी कछेवरा, थाना जहानाबाद, फतेहपुर, के बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा। वहीं मौके से भाग रहे नसीम पुत्र सत्तार उर्फ भुल्ली निवासी तेजानगर, थाना जहानाबाद और जावेद पुत्र नफीस निवासी तेजानगर, थाना जहानाबाद को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार एवं घायल आरोपियों के कब्जे से दो अवैध .315 बोर के तमंचे, दो खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस, सफेद रंग की बोलेरो कार, 12,500 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी थाना बकेवर में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 101/2026 तथा थाना औंग में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 72/2026 और 75/2026 में प्रकाश में आए थे। पुलिस अब इन मामलों के साथ ही आरोपियों से जुड़े अन्य घटनाक्रमों की भी जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में रफीक के खिलाफ फतेहपुर के विभिन्न थानों सहित अन्य जनपदों में 15 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी भी जुटाई जा रही है। घायल आरोपी के उपचार के बाद पुलिस द्वारा उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रकरण में थाना बकेवर पुलिस द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।