Home उत्तर प्रदेश सुजानपुर में खेतों से निकली 11 हजार वोल्ट की लाइन, नीचे झूलते...

सुजानपुर में खेतों से निकली 11 हजार वोल्ट की लाइन, नीचे झूलते तारों से हादसे का खतरा

खेतों में काम करने वाले किसानों में दहशत, विद्युत विभाग से तार ऊंचे कराने की मांग
FATEHPUR NEWS: नगर पंचायत थरियांव फीडर से जुड़ी 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन सुजानपुर गांव के पास किसानों के खेतों से होकर गुजर रही है। कई स्थानों पर विद्युत तार काफी नीचे झूल रहे हैं, जिससे खेतों में काम करने वाले किसानों को हादसे का खतरा बना हुआ है। किसानों ने विद्युत विभाग से जर्जर एवं नीचे लटक रहे तारों को दुरुस्त कर ऊंचा कराने की मांग की है। किसानों का कहना है कि खेतों में फसल और बोझ लेकर आवागमन के दौरान नीचे झूलते तार सिर से टकराने का खतरा बना रहता है। कई जगह तार इतने नीचे हैं कि मामूली चूक भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। ग्रामीणों के मुताबिक, पहले भी विद्युत तारों की चपेट में आने से कुछ लोग घायल हो चुके हैं। बताया गया कि यह विद्युत लाइन किसान राधेराम चौहान, विजयपाल चौहान, राजबहादुर चौहान और आलोक मौर्य समेत अन्य किसानों के खेतों से होकर गुजरती है। खेतों में खेती-किसानी के कार्य के दौरान किसानों को लगातार सतर्क रहना पड़ता है। किसानों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर नीचे झूल रहे तारों को तत्काल ऊंचा कराया जाए और लाइन को आवश्यकतानुसार दुरुस्त किया जाए, ताकि किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सके। इस संबंध में अवर अभियंता (जेई) कमल किशोर ने बताया कि जल्द ही मौके का निरीक्षण कराया जाएगा। निरीक्षण के बाद नीचे झूल रहे तारों को कसकर आवश्यक सुधार कराया जाएगा, जिससे समस्या का समाधान हो सके।