SONBADHR NEWS: सोनभद्र बार एसोसिएशन एवं डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को संपूर्ण कचहरी परिसर में बिना पंजीकरण कार्य कर रहे फर्जी अधिवक्ताओं एवं मुंशियों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश में पंजीकृत अधिवक्ताओं की सूची से मिलान कर परिचय-पत्र एवं पंजीकरण प्रमाण-पत्रों की जांच की गई। अभियान का नेतृत्व डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष जगजीवन सिंह एडवोकेट, पूर्व उपाध्यक्ष पवन कुमार सिंह एडवोकेट, सोनभद्र बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार श्रीवास्तव एडवोकेट एवं महामंत्री योगेश कुमार द्विवेदी एडवोकेट ने किया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार श्रीवास्तव एडवोकेट ने बताया कि जांच के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हित कर परिसर से बाहर किया गया तथा उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि न्यायिक व्यवस्था की गरिमा एवं वादकारियों के हितों की रक्षा करना बार एसोसिएशन की प्राथमिकता है। बिना पंजीकरण वकालत करना अधिनियम का उल्लंघन है तथा भविष्य में भी ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष जगजीवन सिंह एडवोकेट ने कहा कि पिछले कुछ समय से फर्जी मुंशियों एवं अधिवक्ताओं द्वारा वादकारियों से धन उगाही की शिकायतें मिल रही थीं। यह अभियान वादकारियों को शोषण से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने पंजीकृत अधिवक्ताओं से अधिकृत मुंशियों को ही रखने एवं लोगों को जागरूक करने की अपील की।
अभियान में योगेश कुमार द्विवेदी, पवन कुमार सिंह, ओम कुमार चतुर्वेदी, संतोष पटेल, राजेश कुमार यादव, धीरज कुमार पांडेय, सुरेश सिंह कुशवाहा, अशोक पाठक, प्रवीण प्रताप सिंह, आशीष मिश्रा ‘मंटू’, टीटू गुप्ता, शारदा मौर्य, संतोष यादव, कामता यादव सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे।







