सीडीओ ने दिलाई नियमित उपचार और पौष्टिक आहार की सीख
FATEHPUR NEWS: प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत सोमवार को विकास भवन परिसर में पोषण पोटली वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना ने सात टीबी मरीजों को पोषण पोटली (पोषण आहार) वितरित कर उन्हें नियमित उपचार एवं संतुलित आहार लेने के लिए प्रेरित किया। मुख्य विकास अधिकारी ने मरीजों से कहा कि टीबी पूरी तरह से उपचार योग्य बीमारी है। यदि मरीज चिकित्सकों के निर्देशानुसार दवाओं का पूरा कोर्स समय से पूरा करें और पौष्टिक एवं प्रोटीन युक्त आहार का नियमित सेवन करें, तो इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है तथा मरीज जल्द स्वस्थ हो सकते हैं। उन्होंने पोषण पोटली में उपलब्ध खाद्य सामग्री का नियमित उपयोग करने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने जनपद के निजी नर्सिंग होम संचालकों, स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ), जनप्रतिनिधियों, उद्योगपतियों एवं समाजसेवियों से अधिक से अधिक टीबी मरीजों को ‘निक्षय मित्र’ के रूप में गोद लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि समाज के सक्षम लोग टीबी मरीजों को नियमित रूप से पोषण आहार उपलब्ध कराएं तो मरीजों के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार होगा और देश को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य शीघ्र प्राप्त किया जा सकेगा। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी टीबी मरीज उपचार और पोषण के अभाव में परेशान न हो। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं और मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। कार्यक्रम में जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ. अशोक कुमार, वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक (एसटीएस) अजीत सिंह, टीबी हेल्थ विजिटर (टीबीएचवी) प्रवीण सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उन्होंने भी टीबी मरीजों को नियमित जांच, समय पर दवा लेने और पोषण का विशेष ध्यान रखने के लिए जागरूक किया।







