खुली बैठक में पढ़ी गई लाभार्थियों की सूची, ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से दी मंजूरी
PRATAPGARH NEWS: प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत पात्र लाभार्थियों के चयन में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बाबागंज विकास खंड की उतरार ग्राम पंचायत में रविवार को खुली बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में वर्ष 2024 की स्थायी प्रतीक्षा सूची (PWL) के आधार पर तैयार लाभार्थियों की सूची का सार्वजनिक रूप से वाचन किया गया। ग्राम विकास अधिकारी संदीप कुमार ने एक-एक लाभार्थी का नाम पढ़कर सुनाया तथा शासन द्वारा निर्धारित पात्रता मानकों की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी। साथ ही सभी से अपील की गई कि यदि किसी नाम को लेकर कोई आपत्ति या सुझाव हो तो वे खुलकर अपनी बात रखें। सूची के सार्वजनिक अवलोकन के बाद किसी भी ग्रामीण ने कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई। इसके विपरीत, उपस्थित ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से लाभार्थियों की सूची का समर्थन करते हुए चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शासन की मंशा के अनुरूप बताया। इससे यह स्पष्ट हुआ कि ग्राम पंचायत में योजना का लाभ वास्तविक पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए पूरी ईमानदारी से कार्य किया गया है। बैठक में ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत में कराए जा रहे विकास कार्यों और पारदर्शी कार्यशैली की सराहना करते हुए ग्राम प्रधान हंसराज देवी एवं ग्राम विकास अधिकारी संदीप कुमार की प्रशंसा की। ग्रामीणों का कहना था कि योजनाओं का लाभ केवल वास्तविक जरूरतमंदों को मिलना चाहिए और उतरार ग्राम पंचायत इसी सिद्धांत पर कार्य कर रही है। इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रशासक हंसराज देवी, ग्राम विकास अधिकारी संदीप कुमार, व्यापार मंडल अध्यक्ष हीरागंज विनोद यादव, रोजगार सेवक रजनीश कुमार, बीडीसी शिव बहादुर सरोज, केशलाल मौर्य, सदानंद मौर्य, अतीश शुक्ल, प्रेम नारायण गौतम, राम आसरे गौतम, संदीप यादव, विकास सरोज, रवि सरोज, राज सरोज, सूरज सरोज, पुष्पा यादव, गीता सरोज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।







