KAUSHAMBI NEWS: नेवादा क्षेत्र के इमली गांव स्थित विद्या भारती ग्राउंड पर आयोजित कैनवास बॉल (कौशांबी कप) क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक रहा, जिसमें प्रतापगढ़ पाइरेट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कौशांबी वॉरियर्स को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। टूर्नामेंट के पहले सुपर नॉकआउट मुकाबले में कौशांबी वॉरियर्स ने सुपर किंग्स प्रयागराज को 41 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कौशांबी ने 12 ओवर में 125 रन पर 6 विकेट गंवाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रयागराज की टीम 12 ओवर में 84 रन पर 6 विकेट ही बना सकी। कौशांबी के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए मैच अपने नाम किया। इस मुकाबले में अवधेश सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। टीम के कप्तान जेलेश ने जीत का श्रेय टीम के संतुलन और खेल भावना को दिया। दूसरे सुपर नॉकआउट मैच में प्रतापगढ़ पाइरेट्स ने भदोही अल्फा स्ट्राइकर को 28 रनों से पराजित किया। प्रतापगढ़ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 152 रन पर 7 विकेट खोए। जवाब में भदोही की टीम 12 ओवर में 124 रन पर 7 विकेट ही बना सकी। प्रतापगढ़ के बल्लेबाजों ने आक्रामक खेल दिखाया, जबकि गेंदबाजों ने विपक्षी टीम पर लगातार दबाव बनाए रखा। इस मैच में जितेंद्र सिंह लारा को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। फाइनल मुकाबले में कौशांबी वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 128 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रतापगढ़ पाइरेट्स की टीम ने 10.3 ओवर में 4 विकेट खोकर 130 रन बनाते हुए मैच जीत लिया। प्रतापगढ़ की ओर से जितेंद्र (जित्तू) और संतोष सिंह ने महत्वपूर्ण पारियां खेलीं, जबकि गेंदबाजों ने निर्णायक समय पर मैच का रुख पलट दिया। फाइनल में संतोष सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच व पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें ही प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि कौशांबी ब्लाक शिक्षक संघ अध्यक्ष अरुण गोविल ने कहा कि दोनों टीमों ने फाइनल में शानदार खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन प्रतापगढ़ पाइरेट्स ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।







