KAUSHAMBI NEWS: पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को नगर पंचायत दारानगर कड़ाधाम के अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय कड़ा में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व नगर पंचायत अध्यक्ष रागिनी देवी ने किया। उन्होंने विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं फलदार पौधे रोपकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष रागिनी देवी और विद्यालय परिवार ने संयुक्त रूप से पौधरोपण कर किया। इस दौरान विद्यालय परिसर को हरा-भरा बनाने के लिए अनेक पौधे लगाए गए। उपस्थित सभी लोगों ने पौधरोपण के साथ-साथ उन्हें सुरक्षित रखने, नियमित देखभाल करने और वृक्ष बनने तक संरक्षण करने का सामूहिक संकल्प लिया।विद्यालय में पौधरोपण के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष ने क्षेत्र के प्राचीन ज्वाला देवी मंदिर परिसर में भी छायादार पौधे लगाए। उन्होंने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए प्रत्येक नागरिक को पौधरोपण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल करना भी उतना ही आवश्यक है। यदि हर व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा।उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं नगर पंचायत के प्रतिनिधियों ने भी पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया।इस अवसर पर अध्यक्ष प्रतिनिधि अरुण केशरवानी, इंचार्ज प्रधानाध्यापिका कमला सोनकर, सीमा आर्य, अरुणा सिंह, उमा सोनकर, नादिरा अशरफ, ध्यान सिंह, जुबैर अहमद, वसीम अहमद सहित विद्यालय परिवार, नगर पंचायत के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।







