नवप्रशिक्षित आरक्षियों ने दिखाया दमखम, ‘सर्वांग सर्वोत्तम’ का सम्मान सिद्ध राज मौर्य को
FATEHPUR NEWS: रिजर्व पुलिस लाइन फतेहपुर में रविवार को ‘रिक्रूट आरक्षी दीक्षांत परेड समारोह 2025-26’ का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रयागराज परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार मिश्रा उपस्थित रहे, जिन्होंने परेड की सलामी ली और प्रशिक्षित आरक्षियों की टोलियों का निरीक्षण किया। सुबह करीब 8 बजे तृतीय परेड कमांडर द्वारा परेड को मैदान में लाने के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। मुख्य अतिथि के आगमन पर उनका औपचारिक स्वागत किया गया। इसके बाद सुसज्जित टोलियों ने शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत कर अपनी प्रशिक्षण क्षमता का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी निधी गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और गरिमा प्रदान की। पुलिस अधीक्षक ने नवप्रशिक्षित आरक्षियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अनुशासन पुलिस बल की सबसे बड़ी ताकत है और जनता के प्रति संवेदनशीलता एक आदर्श पुलिसकर्मी की पहचान है। समारोह के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित आरक्षियों ने ध्यानपूर्वक सुना। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में पुलिस बल को आधुनिक, संवेदनशील और अपराध के प्रति सख्त बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी रिक्रूट आरक्षियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई, जिसमें देश की सेवा, संविधान के प्रति निष्ठा और जनसुरक्षा का संकल्प शामिल रहा। शपथ के बाद टोलियों ने अनुशासित ढंग से परेड मैदान से प्रस्थान किया। प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आरक्षियों को सम्मानित भी किया गया। रिक्रूट आरक्षी सिद्ध राज मौर्य को बाह्य एवं आंतरिक दोनों विषयों में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर ‘सर्वांग सर्वोत्तम’ पुरस्कार प्रदान किया गया। अन्य प्रतिभागियों को भी विभिन्न श्रेणियों में प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समारोह के अंत में पुलिस अधीक्षक ने मुख्य अतिथि एवं जिलाधिकारी को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में क्षेत्राधिकारी प्रगति यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर जनपद के कई पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, रिक्रूट आरक्षियों के परिजन तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। समारोह का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ, जहां नवप्रशिक्षित आरक्षियों ने प्रदेश को सुरक्षित, सशक्त और खुशहाल बनाने का संकल्प दोहराया।







