Home उत्तर प्रदेश पीडीए को मजबूत करना लक्ष्य, भाजपा सरकार पूरी तरह फेल— नसीमुद्दीन सिद्दीकी

पीडीए को मजबूत करना लक्ष्य, भाजपा सरकार पूरी तरह फेल— नसीमुद्दीन सिद्दीकी

अखिलेश यादव को चाय पिलाने वाले मामले पर उठाए सवाल

– बिंदकी में सपा नेता के आवास पर की पत्रकार वार्ता

– महिला आरक्षण को बताया भाजपा की सस्ती लोकप्रियता का प्रयास
FATEHPUR NEWS: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने बिंदकी में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है और सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। बिंदकी कस्बे के रामलीला मैदान के समीप सपा नेता रामेश्वर दयाल उर्फ दयालू गुप्ता के आवास पर पहुंचे नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि पार्टी का मुख्य उद्देश्य पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को मजबूत करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में “जंगलराज” की स्थिति है, जहां दलितों और महिलाओं के साथ अत्याचार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। वहीं फतेहपुर में आर्यन यादव द्वारा सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को चाय पिलाने के मामले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है और विरोध करने पर बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है। श्री सिद्दीकी ने कहा कि प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है, किसान परेशान हैं और आम जनता त्रस्त है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा इसलिए घबराई हुई है क्योंकि प्रदेश में पीडीए लगातार मजबूत हो रहा है और आगामी समय में इसका असर चुनावों में देखने को मिलेगा। महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि पहले जनगणना और जातिवार जनगणना कराई जानी चाहिए। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह महिला आरक्षण के नाम पर “सस्ती लोकप्रियता” हासिल करना चाहती है। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि भाजपा सच में महिलाओं का हित चाहती है तो प्रदेश की सभी सीटों पर महिला प्रत्याशी उतारे। इतना ही नहीं फतेहपुर जनपद की सभी 6 सीटों पर भी महिला प्रत्याशी उतार कर दिखाए तो महिला आरक्षण की इनकी सोच को हम मानें वहीं पिछड़ों से नफरत का वाक्या सुनाते हुए कहा कि एक प्रजापति समाज का दुल्हा घोड़े पर बैठा था जिसको भाजपाइयों ने जमकर पीटा जिसकी इलाज के दौरान मृत्यु हो गई यही है भाजपा की पीडीए से दिक्कत। इस दौरान सपा नेता सुरेंद्र सिंह परिहार, इफ्तिखार अहमद उर्फ डियर, सोहेल जिया कुरैशी, यूनुस खान, मोहम्मद तालिब, समीम खान, शिव शंकर यादव, महंगू निषाद, इरफान, जगदीश निषाद, नसीम हाफिज, निजाम भाई, भिक्खू पाल, बाबू पाल, नूर मोहम्मद निजामी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।